कुशीनगर में इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव-2026 के दूसरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में स्वास्थ्य, निवेश, पर्यटन और प्रतिभा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। कॉन्क्लेव के तहत एक दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल और जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने इसे हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और समाज में अनुशासन व सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में महापरिनिर्वाण स्थल पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की संभावनाओं पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। विधायक मनीष जायसवाल ने सत्र की अध्यक्षता की, जिसमें विशेषज्ञों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। सत्र में बताया गया कि कुशीनगर कृषि संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है। यहां खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विकास की अपार संभावनाएं हैं। सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि कुशीनगर धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से वैश्विक पहचान रखता है। उन्होंने बताया कि यहां निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बन रहा है। सांसद ने निवेशकों से क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने की अपील की। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों की आय में सुधार होगा। कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि प्रदेश में पराली से बायो-सीएनजी उत्पादन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। विभिन्न कंपनियों के सहयोग से 25 बायो-सीएनजी प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें हजारों करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। कुशीनगर में भी बड़े स्तर पर सीएनजी उत्पादन की योजना है। इससे हजारों घरों को गैस आपूर्ति संभव हो सकेगी। अपर मुख्य सचिव (पर्यटन) मुकेश मेश्राम ने कहा कि यह कॉन्क्लेव कुशीनगर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत करेगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जनपद में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सड़क नेटवर्क और लॉजिस्टिक सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। इससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply