कुशीनगर में तीन दिवसीय इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव 2026 का शुभारंभ महापरिनिर्वाण मुख्य मंदिर परिसर में पारंपरिक बौद्ध वंदना के साथ हुआ। प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए बौद्ध भिक्षु, उपासक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने इस आयोजन को अत्यंत पवित्र और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार इस स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अतिथियों के स्वागत में जिला प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना की।
मंत्री ने काशी-तमिल संगम का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने महावीर जयंती के अवसर पर बौद्ध और जैन परंपराओं के संगम को इस कार्यक्रम की एक और विशेषता बताया। मंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध का संदेश देने वाला देश है। उन्होंने भगवान बुद्ध के मध्यम मार्ग को अपनाकर समाज में शांति और संतुलन स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कुशीनगर में चल रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया, जिनमें कृषि विश्वविद्यालय, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत हजारों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की भागीदारी से इस कॉन्क्लेव को वैश्विक स्वरूप मिला है, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। कॉन्क्लेव के पहले दिन आध्यात्मिकता, संस्कृति और वैश्विक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर बौद्ध मंत्रों से गूंज उठा। विभिन्न सत्रों में बौद्ध दर्शन, शांति और वैश्विक सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा हुई। अचिन्य लाहिड़ी और गुरजीत सिंह आहूजा सहित कई विशेषज्ञों ने बौद्ध पर्यटन की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों, पर्यटन आकर्षणों और सांस्कृतिक विरासत पर एक विशेष प्रस्तुति भी दी गई। 01 अप्रैल की शान कुशीनगर में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुप्रसिद्ध कलाकार निशा उपाध्याय और रितेश पांडेय अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
कार्यक्रम में लोकगीत, संगीत और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जो दर्शकों को एक यादगार अनुभव देंगी। आयोजकों ने जनपदवासियों, युवाओं और सांस्कृतिक प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि सभी दर्शक सुरक्षित माहौल में कार्यक्रम का आनंद ले सकें।

Leave a Reply