औरैया में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर ट्रेन की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। यह घटना पाता चौकी क्षेत्र के धारा का पूर्वा गांव के सामने डाउन लाइन पर खंभा संख्या 1111/26 के पास हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2:40 बजे हुआ। मृतक वैष्णो देवी कटरा-सूबेदारगंज एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। घटना के बाद ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण पीछे आ रही सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। मृतक की पहचान दशहरा निवासी 45 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र नाथूराम के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे उनके भाई शिव कुमार ने शव की शिनाख्त की। सूचना मिलते ही आरपीएफ के मनोज कुमार और पाता चौकी से उपनिरीक्षक विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक अशोक कुमार के परिवार में उनकी पत्नी सरोजनी देवी और तीन बच्चे रवि रैदास, संजय और अंशु हैं। रवि और संजय विवाहित हैं। रेलवे विभाग की ओर से कीमैन राजेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। पुलिस ने उपनिरीक्षक तेज बहादुर और सिपाही विक्रम सिंह की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply