DniNews.Live

किशनी के लिए सरकार ने एक रुपया नहीं दिया:विधायक बृजेश कठेरिया बोले- अपनी निधि से शहीद स्मारक-लाइब्रेरी बनवा रहा, 2027 में अधूरे काम पूरे करेंगे

मैनपुरी जिले की किशनी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक बृजेश कठेरिया का कहना है कि भाजपा सरकार में मेरी विधानसभा की उपेक्षा हुई है और विकास कार्य ठप हैं। यहां जो भी काम हुए वो सपा सरकार में हुए हैं। अपनी निधि से 42 शहीदों की याद में स्मारक बनवा रहा हूं। विधायक से भास्कर रिपोर्टर ने खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले कार्यकाल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: अगर यह अंक जनता से पूछे जाते तो बेहतर होता। 2012 से 2017 तक समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास कार्य तेजी से हुए—चाहे पॉलिटेक्निक हो, समान पक्षी विहार हो या तहसील, सभी काम उसी समय हुए। 2017 के बाद से आज तक मेरी विधानसभा में किसी बड़े विकास कार्य के लिए एक रुपए तक नहीं आया। कई गांव आज भी सड़क संपर्क से वंचित हैं। मैंने इस मुद्दे को सदन में भी उठाया, लेकिन गलत जानकारी देकर जवाब दिया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। सवाल: अपने कार्यकाल में सबसे बड़ा काम कौन सा कराया?
जवाब: विपक्ष में हमारे पास सीमित संसाधन होते हैं, केवल विधायक निधि ही एक माध्यम है। लेकिन उसमें भी भेदभाव हुआ। इसके बावजूद मैंने अपनी निधि से भवानीपुर-चतुरीपुर गांव में 1942 में शहीद हुए 42 लोगों की स्मृति में एक भव्य स्मारक, बारात घर, लाइब्रेरी और गेट बनवाने का काम शुरू कराया है। यह जिले का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक स्थल बनेगा। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो अभी बाकी है?
जवाब:
कई गांव आज भी संपर्क मार्ग से नहीं जुड़े हैं, जिनके नाम मैंने सदन में उठाए थे। इसके अलावा पॉलिटेक्निक बना हुआ है, लेकिन उसमें कक्षाएं शुरू नहीं हुईं। कटरा में सिंचाई विभाग का गेस्ट हाउस जर्जर हालत में पड़ा है। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद 6 महीने के भीतर इन सभी अधूरे कामों को पूरा कर दिया जाएगा। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट की दावेदारी करेंगे?
जवाब:
टिकट का फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का होता है। मैं खुद को एक छोटा कार्यकर्ता मानता हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इतना बड़ा मौका मिलेगा। यह पार्टी नेतृत्व और जनता का आशीर्वाद है कि मैं तीन बार विधायक बन चुका हूं। आगे क्या होगा, यह पूरी तरह पार्टी के निर्णय पर निर्भर है। जो भी निर्णय होगा, उसे मैं स्वीकार करूंगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *