कासगंज के सोरों के मानपुर नगरिया स्थित दो पहिया कट पर सोमवार को पर एक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार दो युवकों में से एक की दीनदयाल हॉस्पिटल अलीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर किया गया जानकारी के अनुसार, स्कूटी पर सवार बिलाल (पुत्र अमीनुद्दीन, लगभग 25 वर्ष) और सानू (पुत्र साकिर, लगभग 23 वर्ष) दोनों क्वारसी, अलीगढ़ निवासी थे। वे अपनी रिश्तेदारी ग्राम उड़ेर पुख्ता से अलीगढ़ वापस लौट रहे थे। मानपुर नगरिया स्थित दो पहिया कट पर उनकी स्कूटी की टक्कर डंपर ट्रक से हो गई। यह डंपर मल्लाह नगर प्लांट से कछला की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को उनके परिजनों के साथ 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मृतक के मामा इरफान अंसारी ने बताया कि घायल बिलाल को अलीगढ़ के दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने के लगभग एक घंटे बाद उसकी मृत्यु हो गई। वहीं, दूसरे घायल सानू की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया है। दुर्घटना के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटा दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply