कासगंज में रविवार को ढोलना-अलीगढ़ मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में मथुरा में तैनात पुलिस आरक्षी अर्पित जैन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरक्षी अर्पित जैन सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) की परीक्षा देने के लिए बरेली जा रहे थे। ढोलना कोतवाली के प्रभारी जगदीश चंद्र राजपूत ने बताया कि पीआरवी 5758 को कासगंज-अलीगढ़ मार्ग पर कार नंबर DL10CY 8335 के पलटने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर कार में एक पुलिस की टोपी भी मिली। घायल आरक्षी की पहचान बागपत जिले के बड़ौत निवासी श्यामसुंदर जैन के पुत्र अर्पित जैन के रूप में हुई। पीआरवी टीम ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से अर्पित को कासगंज जिला अस्पताल पहुंचाया। अर्पित जैन मथुरा के वृंदावन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में आरक्षी के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें एपीओ परीक्षा में शामिल होने के लिए बरेली जाने की अनुमति मिली हुई थी। पुलिस ने इस हादसे की सूचना उनके पिता श्यामसुंदर जैन को दे दी है।

Leave a Reply