कासगंज जनपद के सोरों कोतवाली क्षेत्र में सोरों सहबर रोड पर स्थित एक निजी कोल्ड स्टोर के कमरा नंबर 3 में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही कोल्ड स्टोर कर्मियों ने दमकल विभाग को सूचित किया। कासगंज से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। जिस हिस्से में आग लगी है, वहां धान का भूसा भरा हुआ था, जिसका उपयोग कोल्ड स्टोरेज के तापमान को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। आग कोल्ड स्टोर की तीसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 3 में लगी है। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि ऊपर टीन शेड लगा हुआ है। आग पर काबू पाने के लिए टीन शेड को ऊपर से तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कोल्ड स्टोर के कुछ कर्मियों के अनुसार, आग धीरे-धीरे सुलग रही थी, जिसकी जानकारी मिलते ही तुरंत दमकल विभाग को दी गई। फिलहाल, एक दर्जन से अधिक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। दमकल कर्मी सीढ़ियों की मदद से कोल्ड स्टोर की तीसरी मंजिल पर चढ़कर आग बुझाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply