हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर कुतुआपुर के पास एक तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सुरसा थाना क्षेत्र के सथरा गांव निवासी 35 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। संदीप शटरिंग का व्यापार करते थे और उनके दो बच्चे हैं। उनके पिता रामनरेश ने बताया कि संदीप बुधवार शाम अपने साढू देवम से मिलने सुरसा थाना क्षेत्र के फर्दापुर गए थे। रात के समय संदीप बाइक से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र के कुतुआपुर के पास एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती किया गया। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान संदीप ने दम तोड़ दिया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरवाया गया है। पुलिस इस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply