रोहतास के काराकाट विधानसभा क्षेत्र से माले विधायक अरुण कुमार सिंह के पिता परशुराम सिंह की रविवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। 85 साल के परशुराम सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई, वे घर के कामकाज निपटाने के बाद स्नान कर अपने कमरे में कपड़े पहन रहे थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर गए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने ईसीजी जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल में शोक का माहौल छा गया। विधायक अरुण कुमार सिंह के साथ माले, आइसा समेत वामपंथी दलों के कई नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। परशुराम सिंह भोजपुर के आयर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरही पोस्ट के अजनाप टोला गांव के निवासी थे। वे पेशे से किसान थे और लंबे समय से माले के सक्रिय सदस्य भी रहे। पार्टी और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही। परशुराम सिंह इस उम्र में भी काफी मेहनती थे और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहते थे। वे एक नेकदिल इंसान थे और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते थे। काराकाट विधानसभा से पांच बार विधायक रहे परिवार में उनके दो बेटे सुनील सिंह और अरुण कुमार सिंह है। अरुण कुमार सिंह काराकाट विधानसभा से पांच बार विधायक रह चुके हैं। हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने जदयू प्रत्याशी महाबली सिंह और चर्चित प्रत्याशी पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह को पराजित कर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में अरुण कुमार सिंह को कुल 74,157 वोट मिले थे। परिजनों ने बताया कि परशुराम सिंह रोज की तरह सोमवार को भी सुबह से घर के सभी काम निपटाए थे। इसके बाद वे गर्म पानी से स्नान कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। माले नेताओं ने कहा कि परशुराम सिंह की मौत से न केवल परिवार, बल्कि पार्टी और समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है। उनके सरल स्वभाव और समाजसेवा को हमेशा याद किया जाएगा।
https://ift.tt/FiI4B3y
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply