DniNews.Live

कानपुर से उठी विश्व शांति की गूंज:युद्ध की विभीषिका के बीच नवीन नगर सेंटर ने की ‘सकाश’ सेवा, कुलपति आवास पर जुटे शहर के प्रबुद्ध जन

दुनिया के कई देशों के बीच मचे घमासान और बढ़ती दूरियों ने आज पूरी मानवता को संकट में डाल दिया है। चारों तरफ मचे इस हाहाकार और अशांति के बीच अब आध्यात्मिक शक्तियों के जरिए विश्व में शांति बहाली की कोशिशें शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में प्रजापति ब्रह्मकुमारीज, नवीन नगर सेवा केंद्र की ओर से विशेष राजयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शांति यज्ञ के जरिए न केवल संपूर्ण विश्व की सुख-समृद्धि की कामना की गई, बल्कि मानवता की रक्षा के लिए ‘सकाश सेवा’ (पॉजिटिव वाइब्रेशंस) के माध्यम से योग क्रियाएं भी संपन्न हुईं। कुलपति के निवास पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब शांति और सकारात्मकता का यह खास कार्यक्रम कानपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति स्वर्गीय सर्वज्ञसिंह कटियार के निवास स्थान पर आयोजित किया गया। यहां बीके रितेश कटियार और सेंटर इंचार्ज बीके अर्चना दीदी की मौजूदगी में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह शांत और आध्यात्मिक नजर आया। सेंटर इंचार्ज अर्चना दीदी ने इस दौरान बताया कि वर्तमान में कुछ देशों की आपसी महत्वाकांक्षा ने पूरी पृथ्वी को विनाश की कगार पर खड़ा कर दिया है। ऐसे में राजयोग ही वह माध्यम है, जिससे हम अपने मन की शांति के साथ-साथ दुनिया में भी प्रेम और भाईचारे का संदेश फैला सकते हैं। राजयोग और सकाश सेवा से बदली फिजा इस राजयोग सभा का संचालन बीके राजेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम में राजयोग की बारीकियों को समझाते हुए बताया गया कि कैसे ध्यान और एकाग्रता के जरिए हम अशांत मन को स्थिर कर सकते हैं। ‘सकाश सेवा’ के दौरान उपस्थित सभी भाई-बहनों ने सामूहिक रूप से अपनी मानसिक शक्तियों को विश्व कल्याण के लिए केंद्रित किया। लोगों का मानना था कि जब सामूहिक रूप से शुभ संकल्प किए जाते हैं, तो उसका प्रभाव प्रकृति और समाज दोनों पर पड़ता है। समाज के विभिन्न वर्गों ने निभाई भागीदारी
विश्व शांति की इस मुहिम में केवल संस्था के सदस्य ही नहीं, बल्कि शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। पूर्व आयकर अधिकारी शरद प्रकाश अग्रवाल और जानी-मानी साहित्यकार व समाजसेविका सीमा अग्रवाल ‘जागृति’ ने भी इसमें हिस्सा लिया और शांति की इस पहल को सराहा। आयोजन में शामिल लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन में भी शांति और संयम को अपनाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। बहनों में मुख्य रूप से बीके स्वर्ण लता, ममता, प्रियंका, स्वाति, अनुपम, किरण, मंजू गोयल, मधु जैन, नीता और संतोषी ने हिस्सा लिया। वहीं भाइयों में बीके वीरेंद्र सिंह, रिंकू जायसवाल और राम सेवक चौरसिया सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में विश्व को युद्ध और विनाश की विभीषिका से बचाने के लिए प्रार्थना की।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *