कानपुर सेंट्रल पर किशोरी परिवार से बिछड़ी:लखनऊ से इलाज कराने आई थी, जीआरपी ने सकुशल परिजनों से मिलाया


                 कानपुर सेंट्रल पर किशोरी परिवार से बिछड़ी:लखनऊ से इलाज कराने आई थी, जीआरपी ने सकुशल परिजनों से मिलाया

कानपुर सेंट्रल पर किशोरी परिवार से बिछड़ी:लखनऊ से इलाज कराने आई थी, जीआरपी ने सकुशल परिजनों से मिलाया

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर अपने परिवार से बिछड़ी मानसिक रूप से अस्वस्थ एक किशोरी को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने जीआरपी टीम का आभार व्यक्त किया। जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि लखनऊ निवासी अरविंद कुमार शर्मा अपनी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी का इलाज कराने कानपुर आए थे। वे ट्रेन से कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4/5 पर उतरे थे। इसी दौरान किशोरी भीड़ में अपने पिता से बिछड़ गई। काफी तलाश के बाद जब वह नहीं मिली, तो पिता ने तुरंत जीआरपी को सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी ने त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) और कार्यालय टीम को सक्रिय किया। स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों और बाहर जाने वाले रास्तों पर किशोरी की तलाश शुरू की गई। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान किशोरी दिल्ली साइड की सीढ़ियों के पास अकेली बैठी हुई दिखाई दी। तत्काल एक टीम को मौके पर भेजा गया और किशोरी को सुरक्षित जीआरपी पोस्ट लाया गया। पूछताछ में किशोरी ने अपना नाम रूपा बताया। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल देखकर परिजनों की आँखें भर आईं। उन्होंने जीआरपी की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया। जीआरपी अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें स्टेशन परिसर में कोई बच्चा, बुजुर्ग, महिला या मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति अकेला या परेशान दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते उनकी मदद की जा सके।


Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein