कानपुर में बाइक सवार एक युवक ने सड़क पार कर रही 8 साल की बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह घायल हो गई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब वहां से जा चुके थे। बताया जा रहा है कि युवक बाइक से पंचमुखी हनुमान मंदिर में दर्शन करने जा रहा था। पूरा मामला पनकी थाना क्षेत्र का है। हाथ-पैर में चोट लगी पनकी थाना क्षेत्र के रहने वाला युवक मंगलवार को पंचमुखी हनुमान जी के दर्शन करने के लिए पनकी जा रहा था। इसी दौरान पनकी रोड पर करीब 8 साल की बच्ची अचानक दौड़ती रोड पार कर रही थी। युवक जब तक बाइक कंट्रोल करता, तब बच्ची को टक्कर लग गई। टक्कर लगने से बच्ची गिर गई और उसके हाथ-पैर में चोट लग गई। हादसे के बाद वहां मौजूद लोग युवक पर टूट पड़े और उसकी लात-घूंसे से पिटाई कर दी। वहां खड़े लोगों में से किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया- वीडियो के आधार पर घटना की जानकारी हुई। तत्काल मौके पर फोर्स को भेजा, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। अगर कोई थाने आता है या तहरीर देता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply