कानपुर में हत्या के प्रयास के 4 आरोपी गिरफ्तार:इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई, युवक पर रॉड से हमला किया था
![]()
कानपुर में हत्या के प्रयास के 4 आरोपी गिरफ्तार:इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई, युवक पर रॉड से हमला किया था
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे ‘रवाडा गैंग’ के चार सदस्यों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को रतनलाल नगर स्थित ब्लूम कैफे में बिल मांगने को लेकर आरोपियों ने बर्रा-8 निवासी आजाद और युवराज से मारपीट की थी। इसके बाद आरोपियों ने आजाद को घर जाते समय शास्त्री चौक पर रोककर डंडों और बेल्ट से हमला किया। घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उनकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई थीं। रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में प्रखर दत्त के खिलाफ दो थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। सुधांशु सविता उर्फ ऋषि मिश्रा के खिलाफ दो मुकदमे और प्रखर वर्मा के खिलाफ बर्रा थाने में एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 16 से 23 साल के बीच है। इसके अलावा पुलिस ने नाबालिग पीयूष प्रजापति, सुरजीत कन्नौजिया, सोमवर्धन सिंह और कुणाल यादव के खिलाफ शांतिभंग का मामला दर्ज किया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आरोपियों ने इलाके में आतंक मचा रखा था और अक्सर लोगों से मारपीट करते थे। उनके पास अवैध हथियार कहां से आते हैं, यह एक बड़ा सवाल है। हाल ही में आरोपियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे असलहा लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
