![]()
कानपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी घर में आग:एक महिला झुलसी, सारा सामना जलकर खाक, फायर ब्रिगेड ने 1 घंटे बाद पाया काबू
कानपुर के कल्याणपुर में शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पुराना शिवली रोड के रहने वाले अमित वर्मा प्राइवेट कर्मचारी हैं। उनके परिवार में मां माया वर्मा, पत्नी रीना वर्मा और बेटा ईशु हैं। अमित ने बताया- बुधवार सुबह वह ड्यूटी पर चले गए थे और घर पर पत्नी, बच्चा और मां मौजूद थे। शाम करीब 5 बजे बिजली के मीटर के पास दो तारों के बीच शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में रीना वर्मा झुलस गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। 2 तस्वीरें देखिए…. फायर ब्रिगेड ने पाया काबू सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने घायल रीना वर्मा को पहले बर्रा सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। महिला आग बुझाने के दौरान झुलसी हैं। उनका इलाज हैलट अस्पताल में चल रहा है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply