![]()
कानपुर में गंगा में डूबा 12 वर्षीय किशोर:साथियों ने नहीं दी सूचना, 22 घंटे बाद मिला शव
कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में गंगा नदी में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने दोस्तों के साथ गंगा किनारे खेलने गया था और नहाते समय गहरे पानी में चला गया। घटना बुधवार दोपहर की है, लेकिन उसके साथियों ने परिजनों को सूचना नहीं दी। मनोहर नगर निवासी मोहम्मद जमशेद के बेटे मोहम्मद आहिल (12) की डूबने से मौत हुई है। आहिल बुधवार दोपहर मोहल्ले के दो अन्य किशोरों के साथ गंगा किनारे गया था। नहाते समय आहिल और उसका एक साथी गहरे पानी में डूबने लगे। एक किशोर किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन आहिल डूब गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद डरे हुए दोनों साथी वहां से भाग गए और आहिल के परिजनों को कोई जानकारी नहीं दी। देर शाम जब आहिल घर नहीं लौटा, तो उसकी मां हिना ने दोस्तों के घर जाकर पूछताछ की, लेकिन उनके परिवारों ने अपने बच्चों के आहिल के साथ होने से इनकार कर दिया। मृतक की मौसी नौरीन ने बताया कि आहिल दोपहर में घर से अपने दोस्त के लिए कपड़े लेकर गया था। गुरुवार को काफी खोजबीन के बाद एक किशोर से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने आहिल के डूबने की बात कबूल की। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से लगभग तीन घंटे में आहिल का शव गंगा से बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आहिल की मां हिना ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर सूचना मिल जाती, तो शायद उनके बच्चे की जान बच सकती थी। पुलिस दोनों किशोरों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply