​कानपुर में खो-खो का महाकुंभ:42 यूनिवर्सिटी की टीमों ने दिखाया दम, रोहतक ने झांसी को 44 अंकों से रौंदा


                 ​कानपुर में खो-खो का महाकुंभ:42 यूनिवर्सिटी की टीमों ने दिखाया दम, रोहतक ने झांसी को 44 अंकों से रौंदा

​कानपुर में खो-खो का महाकुंभ:42 यूनिवर्सिटी की टीमों ने दिखाया दम, रोहतक ने झांसी को 44 अंकों से रौंदा

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के खेल मैदान पर मंगलवार से उत्तर क्षेत्र पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप का हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। टूर्नामेंट के पहले ही दिन फुर्ती और दांव-पेंच का संगम दिखा। दर्शक दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हो गए। इस बार खिताब पर कब्जा जमाने के लिए देश भर के 42 विश्वविद्यालयों के करीब 500 से ज्यादा धुरंधर खिलाड़ी आए हैं। रोहतक ने झांसी के छुड़ाए छक्के, लखनऊ की धमाकेदार शुरुआत मैदान पर उतरते ही महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU), रोहतक के खिलाड़ियों ने विपक्षी टीम की घेराबंदी इस कदर की कि झांसी की टीम बेबस नजर आई। रोहतक ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी को 48-04 के भारी अंतर से शिकस्त देकर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। 44 अंकों के इस फासले ने अन्य टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। वहीं, लखनऊ विश्वविद्यालय ने भी अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा को 45-20 से मात दी। लखनऊ के खिलाड़ियों ने 25 अंकों की बढ़त बनाकर साफ कर दिया कि वे इस बार ट्रॉफी के प्रबल दावेदार हैं। जींद और चंडीगढ़ के बीच कांटों की टक्कर, दो टीमों को वॉकओवर एक तरफ जहां जीत के अंतर बड़े रहे, वहीं दूसरी ओर कांटे की टक्कर भी देखने को मिली। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद ने कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल को 33-28 के करीबी अंतर से हराया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में जींद ने आखिरी क्षणों में 5 अंकों की बढ़त बनाकर जीत छीनी। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ ने भी अपना दबदबा कायम रखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय को 30-22 से पीछे छोड़ दिया। इस बीच, मेरठ और संत बी.बी.एस. विश्वविद्यालय की टीमें निर्धारित समय पर मैदान में नहीं पहुंच सकीं, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। आयोजकों ने विपक्षी टीमों यानी जम्मू और देव संस्कृत विश्वविद्यालय को वॉकओवर देकर विजेता घोषित किया। कल के मुकाबलों में मचेगा घमासान, आगरा और लखनऊ पर नजरें
विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने बताया कि उद्घाटन सत्र में योग और खेल भावना की शपथ के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। बुधवार को होने वाले मैचों में असली रोमांच देखने को मिलेगा। कल की मुख्य भिड़ंत बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय (BBD), लखनऊ और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीच होगी।
इसके अलावा आगरा और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर भी मैदान पर गहमागहमी तेज है। यह आयोजन न केवल प्रतिभा निखारने का मंच है, बल्कि यहाँ से नेशनल लेवल के लिए भविष्य के सितारे भी चुने जाएंगे।


Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein