कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के चंद्रनगर में कूड़े में मिले पटाखों से ज्वलनशील पाउडर निकालकर जलाने से हुए धमाके में दो बच्चे झुलस गए। घटना सोमवार शाम की है। स्थानीय लोगों ने आग की चपेट में आए बच्चों को बचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने घायल बच्चों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उर्सुला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे खतरे से बाहर हैं। चंद्रनगर निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उनके बेटे अंश (6) और लक्ष्य (9) सोमवार शाम खेल खेल में कूड़े में पड़े पटाखे उठाकर लाए थे। उन्होंने सड़क किनारे बैठकर पटाखों से ज्वलनशील पदार्थ निकाला और उसमें माचिस की तीलियां मिलाईं। जैसे ही बच्चों ने माचिस जलाई, अचानक धमाका हुआ और आग की लपटें चार फीट ऊपर तक उठीं, जिसकी चपेट में दोनों बच्चे आ गए। मौके पर मौजूद क्षेत्रीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों पर कपड़े डालकर आग बुझाई और उनकी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि घायल बच्चों का इलाज कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply