DniNews.Live

कानपुर पुल पर 42 दिन का मेगा ब्लॉक:कई ट्रेनें निरस्त, कुछ के मार्ग परिवर्तित, UTV मशीन से हटाए गए पुराने स्लीपर

उन्नाव। रेलवे प्रशासन ने कानपुर-कानपुर पुल बायां किनारा के मध्य स्थित पुल संख्या-110 (डाउन लाइन) पर मरम्मत कार्य के लिए 42 दिनों का मेगा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक घोषित किया है। यह ब्लॉक 2 अप्रैल से 13 मई तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान पुराने स्टील ट्रफ हटाकर एच-बीम स्लीपर लगाए जाएंगे, जिससे रेल संरचना को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाया जा सके। इस मेगा ब्लॉक के चलते लखनऊ, कानपुर और आसपास के रूटों पर चलने वाली कई मेमू, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें पूरी तरह निरस्त कर दी गई हैं। झांसी–लखनऊ मेमू, कानपुर–रायबरेली पैसेंजर, लखनऊ–कानपुर मेमू सहित कुल 42 लोकल ट्रेनों के ट्रिप्स रद्द रहेंगे। इसके अतिरिक्त, झांसी–लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस और कानपुर–प्रयागराज संगम एक्सप्रेस भी निर्धारित अवधि में पूरी तरह निरस्त रहेंगी। कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को आंशिक रूप से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर समाप्त या प्रारंभ किया जाएगा। पुणे–लखनऊ सुपरफास्ट तथा लोकमान्य तिलक टर्मिनस–लखनऊ एसी सुपरफास्ट जैसी ट्रेनों का संचालन सीमित रूप में किया जाएगा। वहीं, बालामऊ–कानपुर पैसेंजर ट्रेन उन्नाव जंक्शन तक ही चलेगी और यहीं से वापस संचालित होगी। इसके अलावा, कई प्रमुख ट्रेनों के मार्ग भी परिवर्तित किए गए हैं। नई दिल्ली–लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस तथा आनंद विहार–अयोध्या कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को गाजियाबाद–मुरादाबाद मार्ग से चलाया जाएगा। इससे ये ट्रेनें कानपुर सेंट्रल समेत कुछ स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी। नीलाचल एक्सप्रेस, सूरत–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस और अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों को भी प्रयागराज या वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य यात्रियों की सुरक्षा और रेल पुल की मजबूती के लिए आवश्यक है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। इस मेगा ब्लॉक के कारण उन्नाव, कानपुर और लखनऊ रूट के दैनिक यात्रियों को अगले डेढ़ महीने तक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *