कानपुर देहात के सरवनखेड़ा ब्लॉक स्थित कीरतपुर गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव की जर्जर सड़क की समस्या के समाधान की मांग की है। ग्रामीणों ने एक शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि गाँव की मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब है। ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क इतनी बदहाल है कि इसे न तो कच्चा मार्ग कहा जा सकता है और न ही ईंटों का खरंजा। इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा है। बरसात के मौसम में यह सड़क और भी अधिक खतरनाक हो जाती है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण कोई भी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी गांव का दौरा नहीं करता। सबसे गंभीर समस्या यह है कि किसी ग्रामीण की तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे आपात स्थिति में लोगों की जान खतरे में पड़ जाती है। इस मार्ग पर कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं और कुछ मामलों में जान जाने का खतरा भी उत्पन्न हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी से तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस गंभीर समस्या से जल्द से जल्द राहत मिल सके। इस दौरान विवेक बाजपेयी, राकेश मिश्रा, प्रशांत बाजपेयी, दीपू दीक्षित, भगवानदीन यादव, रघुराज सिंह, नरेश मिश्रा, विवेक कुमार, सदीर शुक्ला, सचिन कमल, शिव कुमार और मोहित यादव सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply