![]()
कानपुर देहात में छात्रों ने यमुना नदी में सफाई की:अमराहट घाट पर श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
जिला गंगा समिति, कानपुर देहात के तत्वावधान में बुधवार को गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत एक जागरूकता रैली और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह जागरूकता रैली जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी के नेतृत्व में एम.एन.पी. हाई स्कूल, सिकंदरा से शुरू हुई। रैली मालवीय नगर, गांधी नगर और मोहम्मद नगर से होते हुए सुभाष नगर पटेल चौक पर समाप्त हुई। जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी, डायरेक्टर मोहम्मद मारूफ और सुभारती इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक यश यादव ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने “स्वच्छ गंगा, स्वस्थ जीवन”, “नदी बचाओ, भविष्य सजाओ” और “गंगा की स्वच्छता, हम सबकी जिम्मेदारी” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को नदियों के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद छात्रों को शैक्षिक भ्रमण के लिए यमुना नदी स्थित अमराहट पम्प कैनाल ले जाया गया। यहां डायरेक्टर मोहम्मद मारूफ ने पम्प कैनाल के प्रथम और द्वितीय चरण की विस्तृत जानकारी दी और नदियों के जल के महत्व पर प्रकाश डाला। छात्रों ने पम्प कैनाल की कार्यप्रणाली को समझा और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंतर्गत अमराहट घाट पर एक चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। दीपिका सेंगर, मोहम्मद मारूफ और यश यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में सौम्या ने प्रथम, अंश ने द्वितीय और अर्शिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में, छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों ने यमुना नदी के अमराहट घाट पर सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। जिला परियोजना अधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि नदियाँ हमारे जीवन का आधार हैं और उनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। समापन अवसर पर जिला गंगा समिति की सदस्य दीपिका सेंगर ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान वन दरोगा आशीष कनौजिया, शिक्षक नरसिंह कुशवाहा, शिवांश चौहान, नेहा राठौर, शना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply