DniNews.Live

कानपुर देहात में ‘एकल कंप्यूटर बस-2’ का लोकार्पण:ADGP बोले- योजना ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ रही

कानपुर देहात के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “एकल ऑन व्हील्स कंप्यूटर बस-2” का लोकार्पण किया गया। रनिया स्थित फैक्ट्री परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन (एकल कानपुर चैप्टर) और फ्रंटियर एलॉय स्टील्स लिमिटेड ने सहयोग किया। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन आलोक सिंह, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय और मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “कंप्यूटर ऑन व्हील्स” जैसी योजनाएं ग्रामीण और वंचित वर्ग के बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने डिजिटल साक्षरता के साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी को भी महत्वपूर्ण बताया। सिंह ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की शिक्षा देना समय की आवश्यकता है। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने इस बस को वंचित बच्चों के लिए अवसरों का द्वार बताया। उन्होंने कहा कि यह समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने बच्चों में नैतिकता, अनुशासन और जागरूकता पर जोर दिया। पाण्डेय ने सुझाव दिया कि प्रशिक्षण में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी भी शामिल की जानी चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने इस पहल को ग्रामीण विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने प्रशिक्षण के प्रभाव का नियमित मूल्यांकन करने पर बल दिया। फ्रंटियर एलॉय स्टील्स लिमिटेड के प्रवर्तक निदेशक कुंदन लाल भाटिया ने जानकारी दी कि उनकी कंपनी सामाजिक दायित्वों के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण उत्थान के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन के प्रेसीडेंट डॉ. ए.एस. प्रसाद ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा, “यदि बच्चे विद्यालय नहीं आ सकते, तो विद्यालय को बच्चों तक पहुंचना होगा।” उन्होंने बताया कि इस बस में 8 लैपटॉप के माध्यम से एक समय में 16 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बच्चों को कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा तथा प्रतिदिन दो गांवों में सुबह-शाम कक्षाएं संचालित होंगी। बस में सोलर पैनल की व्यवस्था इसे पर्यावरण अनुकूल बनाती है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं आयुषी, कीर्ति एवं कृतिका ने डिजिटल शिक्षा का सजीव प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित लोगों को इस पहल की उपयोगिता का प्रत्यक्ष अनुभव हुआ।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के तहत अब तक 52 बसें संचालित हो रही हैं और नई बस के जुड़ने से यह पहल और व्यापक हो गई है। “एकल ऑन व्हील्स” ग्रामीण भारत में डिजिटल साक्षरता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *