कानपुर के कृष्णा नगर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:12 से अधिक दुकानों पर कार्रवाई, दुकानदार बोले- बिना नोटिस तोड़ी दुकानें
![]()
कानपुर के कृष्णा नगर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:12 से अधिक दुकानों पर कार्रवाई, दुकानदार बोले- बिना नोटिस तोड़ी दुकानें
कानपुर के जोन-2 स्थित कृष्णा नगर में शनिवार दोपहर नगर निगम का बुलडोजर दो दर्जन से अधिक दुकानों पर चला। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन नगर निगम का अभियान जारी रहा। क्षेत्रीय दुकानदारों ने इस कार्रवाई को व्यक्तिगत बताते हुए नाराजगी जताई है। जेई आकाशदीप ने बताया कि क्षेत्र में कई दिनों से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमणकारियों को कई बार हटाने की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया। नगर आयुक्त के आदेश पर शनिवार दोपहर भारी पुलिस बल के साथ कृष्णा नगर में तीन दर्जन से अधिक दुकानों और मकानों के बाहर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, फुटपाथों पर रखा सामान, अवैध टीनशेड और बाजार क्षेत्र में फैले अतिक्रमण को हटाया गया। नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से कई स्थानों पर कार्रवाई की। आकाशदीप ने बताया कि दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही चेतावनी दी गई थी। निर्देशों का पालन न होने पर निगम को सख्त कदम उठाने पड़े। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी होती है। फुटपाथों पर कब्जा होने से पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। दुकानदार अमित भाटिया, लवकेश भाटिया और समीर अरोड़ा ने बताया कि वे पिछले 30 वर्षों से यहां दुकान चला रहे हैं। उन्होंने नाले की सफाई में भी सहयोग किया है। उनका आरोप है कि बिना किसी नोटिस या चेतावनी के अचानक बुलडोजर की कार्रवाई की गई, जिससे उनकी दुकानदारी पर भारी असर पड़ा है। वहीं 50 हजार रुपये का चालान सुनते ही दुकानदार भरत भाटिया नगर निगम कर्मचारियों से भिड़ गए। भरत का कहना था कि उनकी दुकान के बाहर सफाई के लिए पर्याप्त जगह है, इसके बावजूद उनकी दुकान के सामने रखे पत्थर तोड़ दिए गए।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
