कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के एक सड़क हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में विचारपुरा गांव के सामने यह घटना हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी डीसीएम को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान हरदोई के सहुआपुर निवासी आलोक कुमार (32) पुत्र शिव दयाल बाजपेयी के रूप में हुई है। वह दिल्ली से कोलकाता की ओर डीसीएम लेकर जा रहे थे। तड़के करीब तीन बजे उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया था और वह सड़क किनारे खड़े होकर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने डीसीएम में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आलोक कुमार वाहन के पिछले हिस्से में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल ट्रक चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।आलोक कुमार अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी मृत्यु की सूचना मिलते ही सहुआपुर गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply