काकादेव स्थित मेट्रो के तीन स्टोरों में शनिवार तड़के शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने स्टोर में रखे सामान को अपनी जद में ले लिया और तेज धमाकों के साथ ऊंची–ऊंची लपटे उठने लगी। जिससे स्टोर के पीछे स्थित गेस्ट हाउस को लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया। गेस्ट हाउस कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। सूचना पर फजलगंज फायर स्टेशन से दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और एक घंटे में आग पर काबू पाया। काकादेव निवासी महावीर प्रसाद पांडेय का पामेला गेस्ट हाउस है। मैनेजर नितिन अवस्थी ने बताया कि गेस्ट हाउस के बाहर तीन दुकानें थी, जिन्हें करीब तीन साल पहले मेट्रो ने सामान रखने के लिए किराए पर लिया था। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखे सामान को चपेट में लेते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे स्टोर में एक के बाद एक कई धमाके हुए, धमाकों के बाद धधकी आग ने पामेल गेस्ट हाउस के एसी डक्ट व बिजली के केबिलों को अपनी चपेट में ले लिया। गेस्ट हाउस व मेट्रो कर्मियों ने अग्निशमक यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटे बढ़ती चली गई। सूचना पर फजलगंज फायर स्टेशन की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और बुलडोजर से स्टोर के शटर तोड़े गए, फायर बिग्रेड कर्मियों ने एक घंटे में आग पर काबू पाया। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से आग लगने की घटना प्रतीत हो रही है।

Leave a Reply