कलेक्ट्रेट गेट पर एसपी ट्रैफिक का अभियान:मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई, वकीलों से हुई नोकझोंक
![]()
कलेक्ट्रेट गेट पर एसपी ट्रैफिक का अभियान:मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई, वकीलों से हुई नोकझोंक
मेरठ: कलेक्ट्रेट परिसर में एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट बाइकों को रोका गया और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुछ अधिवक्ताओं से नोकझोंक भी हुई। ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 30 से 40 बाइकों के चालान किए। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि यह अभियान मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना हेलमेट और तीन सवारी चलने वाले वाहनों के खिलाफ चलाया जा रहा है। कलेक्ट्रेट गेट पर अभियान के दौरान कुछ अधिवक्ता मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक पर आए। उन्हें चेतावनी दी गई, जिससे वे नाराज हो गए और पुलिस से उनकी नोकझोंक हुई। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि यातायात को सुगम बनाने के लिए पिछले एक महीने से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि आज कलेक्ट्रेट गेट पर एक वकील की गाड़ी दिखी, जिसे चेतावनी दी गई। वकील ने साइलेंसर हटवाने के लिए दस मिनट का समय मांगा, जो उन्हें दिया गया। एसपी ट्रैफिक ने मेरठ की जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
