कन्नौज में बिजली के बकाया बिल की वसूली करने पहुंचे कर्मियों से दो भाइयों ने मारपीट कर दी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसमें से एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर कटरा गांव की है। यहां के रहने वाले धीरजअली की पत्नी नन्हीं के नाम बिजली कनेक्शन है। जिसका काफी बिजली बिल बकाया था। उन्होंने एकमुश्त समाधान योजना में छूट का लाभ पाने के लिए रजिस्ट्रेशन भी कराया था, जिसके बाद 87 हजार 210 रुपए बकाया था। बिल का भुगतान करवाने के लिए मानपुर उपकेंद्र के अवर अभियंता करन सिंह हैबतपुर गांव पहुंच गए। उनके साथ संविदा लाइनमैन मुनीश और जयसिंह भी थे। जब उन्होंने बकाया बिल भुगतान की बात कही तो धीरज अली के बेटे और भतीजे झगड़े पर आमादा हो गए। गाली-गलौज करते हुए उन्होंने बिजली कर्मियों से मारपीट कर दी। झगड़ा होते ही डायल 112 पर करन सिंह ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस कर्मी गांव पहुंच गए और एक युवक को पकड़ लिया। जिसे कोतवाली ले जाया गया। उधर इस घटना को लेकर अवर अभियंता करन सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने युवकों पर गाली-गलौज, मारपीट और सरकारी काम में व्यवधान डालने के आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Reply