DniNews.Live

कन्नौज में ड्रमों में बिक रहा डीजल, एक पंप बंद:जमाखोरी की आशंका, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

कन्नौज में डीजल-पेट्रोल को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाने के प्रयास किए जा रहे। जिस कारण पेट्रोल पम्प पर कभी भीड़ दिख रही तो कभी स्थितियां सामान्य नजर आ रहीं। जमाखोरों पर नजर रखी जा रही। इसके बावजूद कुछ जगहों पर लापरवाही हावी है। ट्रैक्टर ट्रालियों में बड़े-बड़े ड्रमों में डीजल भरकर दिया जा रहा। जबकि कट्टीयों में किसानों को डीजल देने से इनकार कर दिया जाता है। मामला इंदरगढ़ कस्बे के इंदरगढ़ फिलिंग स्टेशन का है। यहां दो ट्रैक्टर ट्रालियों पर रखे नीले ड्रमों में लोग डीजल भरवाने पहुंच गए। पेट्रोल पंप कर्मियों ने उन्हें मना करने की बजाय आराम से डीजल दे दिया। जानकारी होने पर दैनिक भास्कर ने पेट्रोल पम्प पर पहुंचकर उन लोगों से ड्रमों में डीजल ले जाने का कारण पूछा, लेकिन कोई कुछ बताने को राजी नहीं हुआ। इस मामले को लेकर जब पेट्रोल पम्प संचालक अनुपम द्विवेदी से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि गेहूं की कटाई के लिए किसान ड्रमों में डीजल लेने आते हैं। उन्हें मना नहीं कर सकते। मना करने पर अफवाह फैलती है और फिर डीजल-पेट्रोल के लिए लाइन लगने लगती।

उधर हालातों को जानने के लिए डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी बिनोद कुमार ने शहरी क्षेत्रों के पेट्रोल पंप पर पहुंच कर निरीक्षण किया। पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी को पेट्रोल-डीजल मिलना चाहिए। सिर्फ जमाखोरी करने के प्रयास करने वालों पर सख्ती की जाए। पेट्रोल पंप बन्द रखने पर दिया नोटिस- सरायमीरा में मंडी समिति के पास अन्नपूर्णा फिलिंग स्टेशन पिछले 5-6 दिनों से बन्द था। जब दैनिक भास्कर ने वहां पहुंच कर पम्प बन्द होने का कारण पूछना चाह तो कोई कर्मचारी नजर नहीं आया। कुछ देर बाद एक कर्मी मिला, जिसने बताया कि स्टॉक नहीं होने के कारण पम्प बन्द है। मामले की जानकारी होने पर जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्रा ने पम्प का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा फिलिंग स्टेशन द्वारा समय से इंडेण्टे न लगाए जाने के कारण स्टॉक कम है। जिसके लिए उन्हें नोटिस जारी किया गया है। जबकि अन्य पेट्रोल पम्प पर स्थिति सामान्य है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *