कन्नौज में शनिवार सुबह ईद-उल-फितर की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और ड्रोन निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। जिले भर की ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित वरिष्ठ अधिकारी बल के साथ मौजूद रहे।शहर के हाजीगंज मोहल्ला स्थित ईदगाह सहित जिले की कुल 52 ईदगाहों और 142 मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, एसपी बिनोद कुमार, एसडीएम वैशाली और सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय पुलिस बल के साथ ईदगाह में उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र पर ड्रोन से कड़ी निगरानी रखी गई। प्रशासन ने नमाजियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।नमाज के समापन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित अधिकारियों ने भी मस्जिदों में पहुंचे नमाजियों को ईद की बधाई दी। इसके उपरांत घरों में सेवइयां और अन्य पारंपरिक पकवानों का सिलसिला शुरू हो गया। एसपी बिनोद कुमार ने बताया कि ईद के अवसर पर सुरक्षा के लिए सेक्टर और जोन स्कीम के तहत 600 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। सभी सेक्टर और जोन प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply