कटिहार पुलिस ने फलका थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी के एक फरार अभियुक्त को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 रंजन कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कोढ़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर यह गिरफ्तारी की गई। 10 नवंबर की सुबह मुशहरी टोला में हुई थी घटना एसडीपीओ ने बताया कि यह घटना 10 नवंबर 2025 की सुबह फलका थाना क्षेत्र के ग्राम फुलडोभी, मुशहरी टोला में हुई थी। अभियुक्त गौरव कुमार झा ने अपने साथियों के साथ विनोद सिंह के मखाना फोड़ी वाले घर पर गोलीबारी की थी। इस दौरान विनोद सिंह की पुत्री मधु कुमारी को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, छापेमारी कर पकड़ा घायल मधु कुमारी के बयान के आधार पर फलका थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। कांड के अनुसंधान के लिए फलका थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने लगातार छापेमारी कर फरार अभियुक्त गौरव कुमार झा को कोढ़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त की स्वीकारोक्ति और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा बरामद कर जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध कोढ़ा और फलका थाना में कई मामले एसडीपीओ रंजन कुमार सिंह ने यह भी बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त गौरव कुमार झा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध कोढ़ा और फलका थाना में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
https://ift.tt/Dwq03ha
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply