मिर्जापुर जनपद के कछवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरैनी घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक 9 वर्षीय बालक लापता हो गया। बालक की दादी को स्थानीय मछुआरों ने डूबने से बचाया। सेमरी गांव निवासी फोटो देवी (पत्नी जुगल किशोर) अपने 9 वर्षीय नाती आदर्श उर्फ आजाद (पुत्र शमशेर बहादुर) के साथ सुबह करीब 6 बजे गंगा स्नान के लिए पहुंची थीं। आदर्श कक्षा 3 का छात्र बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान बालक आदर्श अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। नाती को डूबता देख दादी फोटो देवी उसे बचाने के लिए गंगा में कूद पड़ीं। तैरना न आने के कारण वह भी डूबने लगीं। मौके पर मौजूद स्थानीय मछुआरों ने तत्काल गंगा में छलांग लगाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस दौरान बालक आदर्श तेज धाराओं में बहकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय मछुआरे महात्मा निषाद के नेतृत्व में 15-20 युवकों की एक टीम गंगा में लगातार गोताखोरी कर बालक की तलाश में जुट गई है। सूचना मिलने पर थाना कछवा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान और कस्बा इंचार्ज विनय दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को भी घटना की सूचना दे दी गई है। घटना की खबर सेमरी गांव पहुंचते ही सैकड़ों ग्रामीण और परिजन घाट पर जमा हो गए। परिजनों की स्थिति दुखद है। देर शाम तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। स्थानीय निषाद समुदाय और पुलिस प्रशासन की टीम संयुक्त रूप से तलाश अभियान में जुटी हुई है।

Leave a Reply