औरैया में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। इसका उद्घाटन सदर विधायक गुड़िया गठेरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अयाना, औरैया में फीता काटकर किया। विधायक गुड़िया गठेरिया ने इस अवसर पर जनता से अपील की कि वे अपनी बच्चियों और किशोरियों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में ले जाकर यह एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में मदद करेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार और राज्य सरकार के सहयोग से यह टीकाकरण अभियान अगले तीन महीनों तक प्रदेश के सभी जनपदों में चलेगा। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में यह टीका प्रतिदिन निःशुल्क लगाया जाएगा। यह टीका उन किशोरियों को दिया जाएगा जिनकी आयु 14 वर्ष पूरी हो चुकी है लेकिन 15 वर्ष पूरी नहीं हुई है। इसमें 1 जुलाई 2011 से 30 जून 2012 के बीच जन्मी किशोरियां शामिल हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने जानकारी दी कि भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसर में सर्वाइकल कैंसर दूसरे स्थान पर है, जिससे प्रति वर्ष लगभग 10 प्रतिशत महिलाओं की मृत्यु होती है। उन्होंने बताया कि विश्व के लगभग 160 देशों में एचपीवी वैक्सीन नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पहले से ही लगाई जा रही है। इस अभियान में गार्डासिल-04 वैक्सीन की सिंगल डोज दी जाएगी, जिसे 90 देशों में सुरक्षित रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अयाना निवासी नायक राम की पुत्री कु. पल्लवी को पहला टीका लगाकर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार शर्मा, बीपीएम चंद्रशेखर, एआरओ शुभम कुमार, अन्य चिकित्सक, स्टाफ, कार्यालय कर्मी, क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, यूनिसेफ और यूएनडीपी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply