औरैया में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन पर बैठक हुई। कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित इस बैठक में योजना के तहत सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। जनपद ने इस योजना में अपने मासिक लक्ष्य को पार कर लिया है। परियोजना अधिकारी नेडा ने बताया कि इस माह तक जनपद का लक्ष्य 1067 सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन का था। इसके मुकाबले अब तक 2292 सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन किए जा चुके हैं, जो लक्ष्य से दोगुने से भी अधिक है। जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को सख्त निर्देश दिए कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पावर प्लांट लगवाने के लिए उपभोक्ताओं द्वारा जनसमर्थ पोर्टल पर किए गए ऋण आवेदनों को स्वीकृत करने में देरी न की जाए। उन्होंने बैंकों से उपभोक्ताओं को सुगमतापूर्वक ऋण उपलब्ध कराने को कहा। विद्युत विभाग को भी निर्देश दिए गए कि पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों की बिजली संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। साथ ही, नए लाभार्थियों के नेटमीटरिंग और मीटर कॉन्फ़िगरेशन के कार्यों को पोर्टल पर समय पर पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी वेंडरों को इस माह के अंत तक जनपद में स्थापित सोलर रूफटॉप के अतिरिक्त 350 और प्लांट लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में पोस्टर, बैनर और कैनोपी के माध्यम से योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा के लाभों से जुड़ सकें। इस बैठक में विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता, अधिशाषी अभियंता, जीनस मीटर कंपनी के प्रतिनिधि, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, सभी बैंकों के प्रबंधक और जनपद के समस्त वेंडर उपस्थित रहे।

Leave a Reply