![]()
औरैया में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत:सहार के सौथरा मार्ग पर हादसा, एक साथी घायल, अस्पताल में भर्ती
औरैया के सहार थाना क्षेत्र में बुधवार को एक ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को ट्रैक्टर से बाहर निकाला गया, जिसके बाद घायल को इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। थाना क्षेत्र के गांव सौथरा की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही चालक और उसमें बैठा एक अन्य युवक भारी इंजन के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार पहुँचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर नवीन ने परीक्षण के बाद चालक विकेश सिंह उर्फ बंटू (41), पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल हुए महेश निषाद (28), पुत्र होतीलाल की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply