कानपुर रेंज के डीआईजी हरिश्चंद्र ने रविवार को औरैया का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था को संतोषजनक बताया और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए क्यूआर कोड सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए।
कानपुर रेंज के डीआईजी हरिश्चंद्र ने रविवार को औरैया का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया और ककोर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर साफ-सफाई, रखरखाव और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया। निरीक्षण के बाद डीआईजी ने बताया कि जनपद में तैनात पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने अभिषेक भारती के नेतृत्व में औरैया पुलिस के कार्यों की सराहना की, खासकर अपहरण जैसे गंभीर मामलों में सफल बरामदगी को सराहनीय बताया। डीआईजी ने पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए क्यूआर कोड प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस पहल से आम जनता को शिकायत और जानकारी साझा करने में आसानी होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए करीब 60 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। इनकी तैनाती प्रत्येक जनपद की आवश्यकता के अनुसार की जाएगी। आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर डीआईजी ने औरैया पुलिस टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि पुलिस जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका त्वरित समाधान कर रही है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि औरैया पुलिस फीडबैक को प्राथमिकता देती है, जो बेहतर पुलिसिंग का अहम हिस्सा है। गौकशी के मामलों पर चर्चा करते हुए डीआईजी ने बताया कि जनपद में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। पुलिस ने उन गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जो राजस्थान और आसपास के जिलों से गोवंश एकत्र कर अवैध रूप से ले जाते थे। इस संबंध में 30 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply