ललितपुर जिले में शुक्रवार शाम हुई बारिश और ओलावृष्टि से 20 से अधिक गांवों में गेहूं समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। विकास खंड बार के ग्राम सेमरा बुजुर्ग में ओलावृष्टि से हुए नुकसान के विरोध में किसानों ने शनिवार सुबह 7 बजे से बार-बानपुर मार्ग पर सेमरा तिराहे के पास जाम लगा दिया। किसानों का आरोप है कि पिछली अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई उन्हें नहीं मिली थी, क्योंकि लेखपालों द्वारा सही रिपोर्ट नहीं दी गई थी। उनका कहना है कि शुक्रवार शाम की बारिश और ओलावृष्टि से उनकी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों ने तत्काल फसल नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की है कि लेखपालों के बजाय अधिकारियों द्वारा नुकसान का आकलन किया जाए। किसानों द्वारा चार घंटे से सड़क पर जाम लगाए जाने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। सूचना मिलने पर सीओ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे कराने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों के निर्देशन में तहसीलदार और लेखपालों की टीमें गांवों में भेजी गई हैं।

Leave a Reply