बिहार कांग्रेस चीफ राजेश कुमार ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राजेश कुमार ने गिरधारी को लफंगा बताते हुए कहा कि भाजपा को ऐसे नेताओं को तुरंत पार्टी से बाहर करना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि भाजपा नेता हमेशा से बिहार की अस्मिता से खेलते हैं, बिहार के लोगों का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि गिरधारी साहू ने जो कुछ कहा वो बिल्कुल गलत है। ये महिलाओं के सम्मान से जुड़ा हुआ मामला है। राजेश कुमार ने कहा कि बिहार की महिलाएं पूरे देश में आईएएस और आईपीएस बन रहे हैं। भाजपा के द्वारा बिहार के महिलाओं के अस्मिता पर चोट किया गया है, महिलाओं का अपमान किया गया है। बिहार और बिहार के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बिहार के ही हैं। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी उनसे यह मांग करती है कि तुरंत ऐसे लफंगों को भाजपा से निष्कासित किया जाए क्योंकि यह पूरे बिहार का मामला है। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- भाजपा आलाकमान तत्काल कार्रवाई करे बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह पूरे बिहार से जुड़ा हुआ मामला है भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष दोनों बिहार के ही हैं। मामले को संज्ञान में लेते हुए अविलंब कार्रवाई करें। भाजपा को तुरंत बिहार वासियों और खास करके महिलाओं से माफी मांगना चाहिए। कांग्रेस महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा। बिहार की महिलाएं और बिहार के लोग भाजपा को कड़ी और करारा जवाब देंगे। उत्तराखंड की मंत्री के पति का सामने आया है वीडियो दरअसल, उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में गिरधारी साहू बोल रहे हैं कि बिहार में लड़की 20-25 हजार में मिल जाती है। मामला अल्मोड़ा की सोमेश्वर विधानसभा का है, जिसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री के पति कुछ लड़कों पर शादी ना होने पर तंज भी कसते हुए नजर आ रहे हैं। वे सामने बैठे कार्यकर्ता से कहते हैं- चलना हमारे साथ हम तुम्हारी शादी करवा देंगे। पढ़िए क्या है पूरा बयान… 2022 में सोमेश्वर से विधायक और मंत्री रेखा आर्य 2027 की तैयारी में जुट गई हैं। उनके पति गिरधारी लाल चुनाव की तैयारी में पूरा साथ दे रहे हैं। करीब 7-8 दिन पहले चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए ही गिरधारी लाल अल्मोड़ा जिले में पड़ने वाली सोमेश्वर सीट के दौलाघाट क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने वाले एक कार्यक्रम में उन्होंने मंच से ये बयान दिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गिरधारी लाल साहू सामने बैठे युवा कार्यकर्ता से उसकी उम्र पूछते हुए कहते हैं- नवीन तुम कितनी उम्र के हो बेटा? तुम तो नौजवान ही हो। शादी भी नहीं हुई तुम्हारी। तो फिर तुम शादी बुढ़ापे में करोगे? अभी तक तीन चार बच्चे हो जाते। लड़की हम तुम्हारे लिए बिहार से ले आते हैं। बिहार में 20-25 हजार में मिल जाती है। चलिए मेरे साथ तुम्हारी शादी करवाते हैं। अब जानिए इस बयान पर किसने क्या कहा ऐसी सोच बीमार मानसिकता की उपजः बिहार बीजेपी पार्टी लीडर के पति के बयान पर बिहार बीजेपी भी आग बबूला है। भाजपा के प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा है, महिला कोई सौदे की वस्तु नहीं है। यह हरएक महिला का अपमान है। गिरधारी लाल का बयान घोर आपत्तिजनक और शर्मनाक है जो उनके मानसिक दिवालियापन का संकेत है। वहीं बीजेपी की सहयोगी पार्टी जदयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा, ‘किसी भी स्थान की महिला का अपमान सहन योग्य नहीं है। बहन, बेटी और माता के रूप में हम उन्हें पूजते हैं। वे देवी का रूप हैं। उनके बयान की हम निंदा करते हैं।’ भाजपाइयों ने महिलाओं का अपमान करने की ठान ली हैःRJD मामले पर राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा, ‘उत्तराखंड सरकार में रेखा आर्या महिला सशक्तीकरण मंत्री हैं। उनके पति साहू ने बिहार की बेटियों के बारे में, महिलाओं की इज्जत के बारे में इतना नीच बयान दिया है। बयान से यहां की महिलाओं में आक्रोश है।’ RJD के ऑफिशियल X अकाउंट से गिरधारी लाल साहु के विवादित बयान वाला वीडियो शेयर किया गया। RJD ने लिखा- ‘इस पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का भाजपा की ओर से स्पष्टीकरण आना चाहिए! पर बिहार भाजपा, जेडीयू और समस्त BJP के नेताओं के मुंह पर अब ताला लग जाएगा!’ बयान पर बवाल के बाद मांगी माफी अब मामले पर गिरधारी लाल साहू की सफाई आई है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि मैं बीते दिनों सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट क्षेत्र में हुए स्वागत समारोह में शामिल हुआ था। वहां भाषण के दौरान मैंने अपने मित्र की शादी पर चर्चा की, जिसे मेरे विरोधियों और कांग्रेस पार्टी द्वारा तोड़-मरोड़कर और गलत तरीके से समाज में पेश किया। जो गलत और निराधार है। जहां तक बेटियों के सम्मान की बात है, मैं हर साल बरेली में श्री रामलीला में 101 निर्धन बेटियों की शादी करता हूं और अपनी श्रद्धा से उन बेटियों की शादी में सहयोग करता हूं।
https://ift.tt/bymcLtk
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply