मऊ जनपद में ईद-उल-फितर का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जिले भर की ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में नमाज अदा की और अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। पूरे जनपद में त्योहार को लेकर उत्सव का माहौल रहा। त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक मऊ इलमारन ने स्वयं पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र के संवेदनशील, मिश्रित और प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न ईदगाहों, मस्जिदों और मुख्य मार्गों पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद की सभी 461 ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सिविल पुलिस के साथ पीएसी की एक कंपनी और दो प्लाटून तैनात किए गए थे। इसके अतिरिक्त, ड्रोन कैमरों से निगरानी और लगातार फुट पेट्रोलिंग की व्यवस्था भी की गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि त्योहार से पहले जिला और थाना स्तर पर बैठकों का आयोजन कर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई थीं। इन्हीं तैयारियों के कारण ईद का पर्व पारंपरिक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका।

Leave a Reply