एम्स की मांग पर सपा सांसदों में विवाद:मुरादाबाद और रामपुर के बीच गरमाई सियासत, रुचिवीरा बोलीं- राजनीति नहीं होनी चाहिए
![]()
एम्स की मांग पर सपा सांसदों में विवाद:मुरादाबाद और रामपुर के बीच गरमाई सियासत, रुचिवीरा बोलीं- राजनीति नहीं होनी चाहिए
मुरादाबाद। रामपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना को लेकर समाजवादी पार्टी के दो मौजूदा सांसदों के बीच सियासी विवाद गहरा गया है। मुरादाबाद से सांसद रुचिवीरा और रामपुर से सांसद मोहिबुल्ला नदवी के बीच इस मुद्दे पर खुलकर बयानबाजी सामने आई है, जिससे पार्टी के भीतर आंतरिक मतभेद उजागर हुए हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब रामपुर सांसद मोहिबुल्ला नदवी ने दावा किया कि उन्होंने संसद में रामपुर में एम्स की स्थापना की मांग प्रमुखता से उठाई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रस्ताव पर मुरादाबाद और संभल के सांसदों की सहमति है। नदवी के अनुसार, जब उन्होंने सदन में यह मांग रखी, तब मुरादाबाद सांसद रुचिवीरा मौजूद थीं और उन्होंने हाथ उठाकर इसका समर्थन भी किया था। सांसद ने यह भी कहा कि उनके पास इस संबंध में वीडियो मौजूद है। हालांकि, मुरादाबाद सांसद रुचिवीरा ने इस दावे का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा करते हुए रामपुर सांसद के बयान को भ्रामक और तथ्यहीन बताया। रुचिवीरा ने स्पष्ट किया कि इस प्रस्ताव के लिए उनसे या संभल सांसद से कोई सहमति नहीं ली गई थी और न ही उन्हें इसकी कोई पूर्व जानकारी दी गई थी। रुचिवीरा ने इसे “ओछी राजनीति” करार दिया। उन्होंने कहा कि वह पहले ही मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में एम्स की स्थापना की मांग संसद में उठा चुकी हैं और इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि स्वास्थ्य जैसे गंभीर और जनहित से जुड़े मुद्दे पर गलत दावे करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रामपुर सांसद द्वारा उनकी सहमति का उल्लेख पूरी तरह गलत है। रुचिवीरा का कहना है कि वह मुरादाबाद के विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही हैं और आगे भी इसी दिशा में काम करती रहेंगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
