DniNews.Live

एडीएम बोले- गोंडा में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध:अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए, अफसरों संग मीटिंग की

गोंडा में डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर चल रही अफवाहों के बीच बुधवार को देर शाम 5 बजे अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में एक बड़ी समीक्षा बैठक की है। इस बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय और जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में सभी पेट्रोल पंप संचालकों, पेट्रोलियम अधिकारियों, पूर्ति निरीक्षकों और पेट्रोलियम कंपनियों के संगठन के लोगों ने भी भाग लिया है। अधिकारियों ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को जिले में पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही, वितरण में किसी भी प्रकार की मनमानी या लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई। निर्देशों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की बात कही गई। पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोलियम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जोर देकर कहा कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। सभी तेल कंपनियों के पास पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है और आपूर्ति भी नियमित रूप से जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर फैलाई जा रही अफवाहों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी आनंद राय ने भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पेट्रोल व डीजल पंप प्रोपराइटरों और प्रबंधकों को उपभोक्ताओं को सुचारु और पारदर्शी तरीके से ईंधन उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी या अनियमितता से बचने का निर्देश दिया गया है। यह भी बताया गया है की कोई भी व्यक्ति पेट्रोल पंप पर भीड़ लगा करके डीजल और पेट्रोल का भंडारण भी ना करें और अन्यथा कहीं भंडारण मिलने पर भी कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी पेट्रोलियम संगठन के लोगों को भी निर्देश दिया गया है कि लोगों को जागरूक करें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *