एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के सत्तारपुर गांव से एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लगभग बीस दिन पुरानी इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग एक युवक को लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटते हुए दिख रहे हैं। यह घटना 8 मार्च की बताई जा रही है, जब गांव के कुछ लोगों ने मामूली विवाद में युवक को पीटा था। पीड़ित रोहित और सोहित के साथ उनकी मां और पत्नी को भी कथित तौर पर मारा-पीटा गया, जिससे रोहित और सोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बागवाला थाना पुलिस ने 12 मार्च को ही कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोपियों में पप्पू पुत्र गजाधर, गुड्डी देवी पत्नी पप्पू सिंह, अवनीश पुत्र पप्पू, अर्जेश पुत्र पप्पू, ऋषभ पुत्र पप्पू, सपना पत्नी पप्पू, अनिल पुत्र जवाहर सिंह, रवि पुत्र जवाहर सिंह, रिंकू पुत्र जवाहर सिंह, पूजा पत्नी अनिल और दीप्ति पत्नी अनिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया था। घायलों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है। थाना प्रभारी बागवाला ओ.पी. सिंह ने पुष्टि की है कि यह मामला पुराना है और इसमें एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपियों को शांति भंग के आरोप में पाबंद भी किया है।

Leave a Reply