DniNews.Live

एटा में बेकाबू कार ने 7 लोगों को रौंदा:पुलिस पीछा कर रही थी, पुलिस वाहन को भी टक्कर मारकर खाई में गिराया

एटा जिले के थाना रिजोर क्षेत्र में मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने अलग-अलग स्थानों पर पांच हादसों को अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया। इन घटनाओं में एक बुजुर्ग महिला, एक बच्ची, एक युवक और एक दरोगा सहित दो सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। कुल सात लोग हादसों का शिकार हुए हैं। पहली घटना सुबह करीब 11 बजे बाकलपुर के पास हुई। फिरोजाबाद के नगला राजाराम निवासी हेमंत (25) अपनी बुआ ओमवती (65) और भतीजी वर्तिका (12) के साथ बाइक से लौट रहे थे। तभी एटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कार चालक का पीछा शुरू कर दिया। पीछा जारी, आगे भी होते रहे हादसे
पुलिस के पीछा करने के बावजूद कार चालक ने रफ्तार कम नहीं की और भागते हुए रजपुरा के पास एक और हादसा कर दिया। यहां उसने एक वाहन को टक्कर मारने के बाद कल्याणपुर निवासी बाइक सवार कुलदीप (35) को भी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस वाहन भी खाई में गिरा
पीछा करने के दौरान कार चालक ने पुलिस वाहन को ओवरटेक किया, जिससे पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रोहित और चालक ऋषिपाल सिंह घायल हो गए।
रजपुरा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास स्विफ्ट कार ने एक कैंटर को ओवरटेक किया, जिससे वह भी अनियंत्रित होकर खाई में उतर गया। हालांकि इसमें बड़ा हादसा टल गया। चश्मदीदों ने उठाए सवाल
कैंटर चालक आलोक कुमार के अनुसार, तेज रफ्तार में ओवरटेक के दौरान पुलिस वाहन और कैंटर टकराकर खाई में जा गिरे। वहीं स्थानीय निवासी अमन धाकरे ने कहा कि जल्दबाजी में किया गया पीछा भी हादसों की बड़ी वजह बना। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने हेमंत और वर्तिका की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। आरोपी हिरासत में, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज रफ्तार पीछा करने से हादसे बढ़ गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम की समीक्षा की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *