DniNews.Live

एटा में बाइक सवार कांवड़िए ट्रैक्टर से टकराए:छह घायल, चार हायर सेंटर रेफर किए गए, जल भरने कंपिल जा रहे थे

एटा जिले के जसरथपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में छह कांवड़िए घायल हो गए। ये सभी महाराजपुर गांव से कंपिल गंगा घाट जल भरने जा रहे थे। सोमवार देर शाम हुई इस घटना में दो बाइक पर सवार कांवड़िए एक अंधे ट्रैक्टर से टकरा गए, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। यह घटना विजेदपुर गांव के समीप निर्माणाधीन पुलिया के पास हुई। दो बाइक पर सवार छह युवक अपने गांव के अन्य लोगों के साथ जल भरने जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे बिना लाइट वाले ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक खाई में गिर गईं, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद गंभीर रूप से घायल चार युवकों को हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
इस हादसे में नितेश (19), आदित्य, पुनीत (18), कन्हैया (14), गौरव और रजत, सभी पुत्र अवधेश और राजेश, निवासी महाराजपुर घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
घायल पुनीत ने बताया कि वे अपने गांव महाराजपुर से कम्पिल जल भरने जा रहे थे, तभी सामने से एक ट्रैक्टर आ गया जिसकी लाइट नहीं जल रही थी, जिससे टक्कर हो गई और पांच लोग घायल हुए। अलीगंज कोतवाली के एसएसआई जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना विजेदपुर गांव के समीप हुई है, जहां पुलिया का निर्माण हो रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि बाइक सवार ट्रैक्टर से टकराए हैं और पुलिस ने घायलों को अलीगंज अस्पताल में भर्ती कराया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *