एटा के बाबूगंज मार्केट में ग्राहकों को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले, जिसमें एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान समीर (20) और शादाब (35) के रूप में हुई है। दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।घायल पक्ष के फैजल ने बताया कि उनकी कपड़े की दुकान के पास ही दूसरे पक्ष की भी दुकान है।
आरोप है कि पड़ोसी दुकानदार उनके ग्राहकों को जबरन अपनी ओर खींचते हैं और आए दिन गाली-गलौज करते रहते हैं। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। फैजल का कहना है कि घटना में उनके पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। मामले में कोतवाली नगर थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष दुकानदार हैं और आपसी विवाद के चलते झगड़ा हुआ है। पुलिस ने आरोपी पक्ष के खिलाफ शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply