एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के नगला जगरूप में 26 वर्षीय प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उन्हें एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। मृतका के भाई प्रदीप ने बताया कि उनकी बहन अच्छी-भली थी और कल ही उनसे बात हुई थी। उनका आरोप है कि ससुराल वालों ने फोन नहीं उठाया और उनकी बहन को मारकर अस्पताल में भर्ती कराया ताकि मौत को स्वाभाविक दिखाया जा सके। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ी थी। वे उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। मृतका के जेठ रंजीत ने बताया कि दो दिन पहले प्रसव हुआ था। अचानक सीने में दर्द उठा, जिसके बाद सतीश हॉस्पिटल से डॉक्टरों ने आगरा रेफर कर दिया। आगरा के एसआर अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। बच्चा स्वस्थ है। मृतका की पहचान रजनी पत्नी अजीत निवासी नगला जगरूप के रूप में हुई है। उसका विवाह एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह था। प्रसव पीड़ा के बाद उसे पहले निजी अस्पताल डॉक्टर फातिमा के यहां भर्ती कराया गया था, फिर सतीश मेटरनिटी अस्पताल में। वहां से उसे आगरा के लिए रेफर किया गया था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Leave a Reply