सुल्तानपुर में पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने जिले की पुलिसिंग में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने एक निरीक्षक, आठ उप निरीक्षक और 50 आरक्षियों के कार्यक्षेत्र में तत्काल प्रभाव से परिवर्तन करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। जारी सूची के अनुसार, निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव को प्रभारी मीडिया सेल के साथ अपराध शाखा के विवेचना कार्य का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। उपनिरीक्षक शिवानंद यादव को शाहगंज चौकी प्रभारी से हटाकर एसओजी प्रभारी बनाया गया है। उपनिरीक्षक अविनाश चंद्र को थाना शिवगढ़ की शंभूगंज चौकी से शाहगंज चौकी प्रभारी के पद पर भेजा गया है। इसी क्रम में, धम्मौर थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक रजत पाण्डेय को कोईरीपुर चौकी का प्रभारी बनाया गया है। उपनिरीक्षक सुशील कुमार द्विवेदी को कोईरीपुर चौकी प्रभारी से शाहगंज चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक भारत सिंह को थाना बल्दीराय से वलीपुर चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक रामराज को पारा बाजार चौकी प्रभारी से जेल चौकी प्रभारी बनाया गया है। उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह को थाना बंधुआकला से पारा बाजार चौकी प्रभारी के पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके अतिरिक्त, उपनिरीक्षक मुकुल भारती को थाना बल्दीराय से थाना लम्भुआ और उपनिरीक्षक मोहन लाल राणा को थाना बल्दीराय से पुलिस लाइन भेजा गया है। आज हुए बदलाव में धम्मौर एसओ का चार्ज छिनना चर्चा में है। कल थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में छेड़खानी के आरोप में शिकायत के बाद पुलिस पर आरोपी के ननिहाल में महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगा था। पलटवार में महिलाओं और लड़कियों ने भी पुलिसकर्मियों से मारपीट की थी। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने सीओ सिटी सौरभ सामंत को पूरे मामले की जांच सौंपी थी। इसी मामले में एसपी ने धम्मौर के तत्कालीन थानाध्यक्ष रजत पांडे का प्रभार छीनकर उन्हें चौकी का प्रभारी बनाया है।

Leave a Reply