फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और उनके पति श्रीराम नेने आज दोपहर में वाराणसी पहुंचे। इसके बाद दोनों वाराणसी के नमो घाट पर अलकनंदा क्रूज पर बैठे और बनारस के गंगा घाट का दिव्य नजारा देखा। इस दौरान उन्होंने अपनी तस्वीर भी साझा की। क्रूज से घूमने के दौरान माधुरी दीक्षित ने चाय का स्वाद लिया। इसके बाद दशाश्वमेध घाट के ठीक सामने उन्होंने क्रूज से पूरी गंगा आरती और मां गंगा में दीपदान भी किया। 3 तस्वीरें देखिए… जानकारी के अनुसार, वह यहां एक ज्वेलरी शॉप के उद्घाटन के लिए आई हैं। इस अवसर पर उनके साथ उनके पति डॉ. श्रीराम नेने और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह भी मौजूद रहे। वाराणसी पहुंचने पर उन्होंने कहा कि यह एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नगरी है और यहां की खूबसूरती देखने के लिए वह काफी उत्साहित हैं। एयरपोर्ट पर माधुरी दीक्षित के प्रशंसक मौजूद रहे। इस दौरान लोग उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए और अभिनेत्री ने भी प्रशंसकों का अभिवादन किया। जानिए कैसा है अभिनेत्री माधुरी का कैरियर
माधुरी दीक्षित ने भारतीय हिंदी सिनेमा में अपनी प्रतिभा, खूबसूरती और बेहतरीन नृत्य के दम पर एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसे आज भी नई पीढ़ी की अभिनेत्रियाँ आदर्श मानती हैं। 80 और 90 के दशक में उन्होंने खुद को फिल्म इंडस्ट्री की शीर्ष अभिनेत्रियों में स्थापित किया और अपने शानदार अभिनय व लाजवाब डांस से दर्शकों के दिलों पर राज किया। कथक नृत्य में है माधुरी की रूचि
15 मई 1967 को मुंबई में एक मराठी परिवार में जन्मी माधुरी के पिता शंकर दीक्षित और माता स्नेहलता दीक्षित हैं। बचपन में उनका सपना डॉक्टर बनने का था, और यही वजह रही कि उन्होंने अपने जीवनसाथी के रूप में श्रीराम नेने को चुना, जो पेशे से एक चिकित्सक हैं। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और बचपन से ही कथक नृत्य में गहरी रुचि रखी, जिसके लिए उन्होंने कई वर्षों तक प्रशिक्षण लिया। माधुरी दीक्षित ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1984 में फिल्म अबोध से की, लेकिन उन्हें असली पहचान 1988 में आई सुपरहिट फिल्म तेजाब से मिली। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक कई हिट फिल्में दीं, जिनमें राम लखन, परिंदा, त्रिदेव, किशन कन्हैया और प्रहार शामिल हैं। वर्ष 1990 में आई फिल्म दिल में उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। इसके अलावा माधुरी दीक्षित को वर्ष 2008 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

Leave a Reply