फिरोजाबाद में ‘धुरंधर 2’ फिल्म को लेकर चल रहे विवाद के बीच एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे देशभक्ति से प्रेरित बताया और आम लोगों से इसे देखने की अपील की। एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी पुलिस कर्मियों के साथ फिल्म ‘धुरंधर 2’ देखने सिनेमा हॉल पहुंचे थे। फिल्म देखने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह फिल्म देशभक्ति की भावना दर्शाती है और देश के प्रति समर्पण का संदेश देती है। चौधरी ने कहा, “यह फिल्म देशभक्तों के लिए है, इसमें देश प्रेम दिखाया गया है। सभी लोगों को यह फिल्म देखनी चाहिए।” फिल्म में अतीक अहमद के किरदार पर हो रहे विवाद पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। एसपी ग्रामीण ने कहा कि अतीक अहमद देशभक्त नहीं, बल्कि एक अपराधी था। पुलिस जांच में उसके खिलाफ कई तथ्य सामने आए थे और उसने खुद भी अपराध कबूल किया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए और फिल्म को उसके मूल संदेश के आधार पर देखना चाहिए। एसपी ग्रामीण के इस बयान के बाद जिले में फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। प्रशासनिक स्तर पर भी फिल्म को सकारात्मक संदेश देने वाली बताया जा रहा है।

Leave a Reply