बेंगलुरु से कोलकाता जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट की शुक्रवार देर रात लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। कोलकाता में अचानक मौसम खराब के चलते दृश्यता कम (लो विजिबिलिटी) हो गई। इस वजह से विमान को वहां उतरने की अनुमति नहीं मिली। एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1871 बेंगलुरु से शुक्रवार को रात 8:50 बजे रवाना होनी थी, लेकिन इसने रात 10:56 बजे उड़ान भरी। इसे रात 11:35 बजे कोलकाता पहुंचना था। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, कोलकाता पहुंचने पर खराब मौसम हो गया, जिससे एअर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। कोलकाता एयरपोर्ट के ऊपर लगाए चक्कर फ्लाइट कुछ देर तक कोलकाता एयरपोर्ट के ऊपर हवा में चक्कर लगाती रही, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर इसे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। फ्लाइट रात करीब 2:35 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुई। कुल 176 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। विमान कुछ समय तक लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। कोलकाता का मौसम सामान्य होने के बाद, शनिवार तड़के करीब 5 बजे फ्लाइट को दोबारा कोलकाता के लिए रवाना किया गया। यात्रियों को इस दौरान कुछ असुविधा हुई, लेकिन सभी सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए आगे रवाना हो गए।

Leave a Reply