DniNews.Live

उन्नाव ARTO टीम पर ट्रक चालक से मारपीट का आरोप:वाहन चेकिंग के दौरान का मामला, सोशल मीडिया पर VIDEO आया सामने

उन्नाव में परिवहन विभाग की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल उठ गए हैं। आरटीओ विभाग में तैनात एआरटीओ प्रवर्तन प्रतिभा गौतम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कथित तौर पर एक ट्रक चालक के साथ मारपीट होती दिख रही है। यह मामला दही थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दही थाना क्षेत्र में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ट्रक का चालान किया गया। आरोप है कि चालान की कार्रवाई के बाद ट्रक चालक और प्रवर्तन टीम के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। 4 तस्वीरें देखिए… वायरल वीडियो में कुछ लोग चालक के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने चालक की पिटाई की। हालांकि, वीडियो की सत्यता और पूरी परिस्थितियों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में आक्रोश देखा जा रहा है। घटना के संबंध में ट्रक चालक द्वारा पुलिस को शिकायत दिए जाने की भी चर्चा है। दही थाना पुलिस ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस कारण से शुरू हुआ और मारपीट के आरोप कितने सही हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *