Breaking News

उन्नाव हाईवे पर कंटेनर में लगी आग VIDEO:ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान, यातायात हुआ बाधित


                 उन्नाव हाईवे पर कंटेनर में लगी आग VIDEO:ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान, यातायात हुआ बाधित

उन्नाव हाईवे पर कंटेनर में लगी आग VIDEO:ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान, यातायात हुआ बाधित

उन्नाव में लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। यह घटना अजगैन थाना क्षेत्र में थाने से महज 10 कदम की दूरी पर हुई, जिसके कारण पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। कंटेनर लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक को गड़बड़ी का अहसास होने पर उसने तुरंत कंटेनर को सड़क किनारे रोक दिया। कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक और परिचालक ने फुर्ती दिखाते हुए कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में कंटेनर का केबिन और पीछे का हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें कंटेनर से उठती ऊंची लपटें और काला धुआं साफ दिखाई दे रहा था। आग लगने के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। सूचना मिलते ही अजगैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर हाईवे के एक हिस्से पर यातायात को डायवर्ट कर दिया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। गनीमत रही कि चालक और परिचालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग बुझने के बाद जले हुए कंटेनर को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।


Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *